केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कम मूल्य वाले भीम-यूपीआई (पी2एम) लेन-देन को प्रोत्साहन देने और छोटे व्यापारियों के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा करने के लिए ₹1,500 करोड़ की प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी। योजना का अवलोकन कम मूल्य वाले भीम-यूपीआई लेन-देन (पी2एम) को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजना 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक ₹1,500 करोड़ के अनुमानित आउटले पर लागू की जाएगी। यह विशेष रूप से ₹2,000 तक के यूपीआई (पर्सन टू मर्चेंट - पी2एम) लेन-देन को कवर करती है, विशेष तौर पर छोटे व्यापारियों को लक्ष्य बनाकर जमीनी स्तर पर डिजिटल भुगतान को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह योजना यूपीआई लेन-देन पर शून्य एमडीआर सुनिश्चित करती है और छोटे व्यापारियों को किए गए ₹2,000 तक के लेन-देन के लिए 0.15% का प्रोत्साहन प्रदान करती है। इस योजना का उद्देश्य यूपीआई 123पे, लाइट और लाइटएक्स जैसे उपकरणों के माध्यम से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में यूपीआई इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करना है। योजना के उद्देश्य भीम-यूपीआई प्लेटफॉर्म को बढ़ावा देना: वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान लेन-देन की मात्रा में ₹20,000 करोड़ तक पहुंचने का लक्ष्य। भुगतान अवसंरचना को मजबूत करना: सुरक्षित डिजिटल भुगतान प्रणाली बनाने में प्रतिभागियों का सहयोग करना। विश्वसनीयता सुनिश्चित करना: हाई अपटाइम बनाए रखना और तकनीकी कमियों को कम करना। ग्रामीण पहुंच: यूपीआई 123पे (फीचर फोन के लिए), यूपीआई लाइट और यूपीआई लाइटएक्स (ऑफलाइन भुगतान के लिए) का इस्तेमाल यूपीआई सेवाओं के विस्तार टियर 3 से 6 शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों में करना। इंसेंटिव की संरचना स्वीकृत योजना के अंतर्गत, व्यापारी श्रेणी और लेन-देन, मूल्य के आधार पर इंसेंटिव को तैयार किया गया है। छोटे व्यापारियों के लिए, ₹2,000 तक के यूपीआई लेन-देन पर शून्य मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लगेगा और वे लेन-देन मूल्य का 0.15% के इंसेंटिव के लिए पात्र होंगे। ₹2,000 से अधिक के लेन-देन के लिए, शून्य एमडीआर होगा, लेकिन कोई इंसेंटिव नहीं मिलेगा। बड़े व्यापारियों के मामले में, सभी लेन-देन राशि की चिंता किए बिना - शून्य एमडीआर होंगे और कोई इंसेंटिव नहीं मिलेगा। भरपाई की व्यवस्था अधिग्रहण करने वाले बैंकों की ओर से स्वीकृत दावा राशि का 80% प्रत्येक तिमाही में बिना किसी शर्त के वितरित किया जाएगा। बाकी 20% निम्नलिखित प्रदर्शन मानदंडों के आधार पर वितरित किया जाएगा: स्वीकृत दावे का 10% तभी भुगतान किया जाएगा, जब अधिग्रहण करने वाले बैंक की तकनीकी गिरावट दर (उनकी ओर से तकनीकी मुद्दों के कारण विफल लेन-देन) 0.75% से कम हो। स्वीकृत दावे का शेष 10% तभी भुगतान किया जाएगा जब अधिग्रहण करने वाले बैंक का सिस्टम अपटाइम (उनके सिस्टम की उपलब्धता) 99.5% से अधिक हो। PIB